रायपुर। ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव को राज्य सरकार ने बड़ा सम्मान दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें आउट ऑफ टर्न पदोन्नति देकर डीएसपी (DSP) बनाने की घोषणा की है। साथ ही 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का भी ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार (3 अगस्त) को मुख्यमंत्री निवास में ज्ञानेश्वरी यादव से मुलाकात कर उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी और सम्मानित किया।

CM साय बोले- ज्ञानेश्वरी ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने पूरे छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वरी की यह सफलता प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का सशक्त उदाहरण है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के सम्मान में राज्य सरकार ने 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने का निर्णय लिया है।
खेल प्रतिभाओं को मिलेगा पूरा प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को हरसंभव अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी भारत और छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।
कौन हैं ज्ञानेश्वरी यादव?
राजनांदगांव जिले के ग्राम भोड़िया की रहने वाली ज्ञानेश्वरी यादव वर्तमान में पुलिस विभाग में सहायक उप निरीक्षक (ASI) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर इतिहास रचा है। इससे पहले इसी वर्ष उन्होंने एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर भी देश का गौरव बढ़ाया था।

