महंगे बिजली बिलों के विरोध में कांग्रेस का तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी आंदोलन, 3 अगस्त को सीएम हाउस का घेराव

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस ने राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि पार्टी 1 से 3 अगस्त तक पूरे प्रदेश में तीन दिवसीय चरणबद्ध आंदोलन चलाएगी। इस दौरान जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक विरोध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैज ने आरोप लगाया कि प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं को लगातार अधिक बिजली बिल मिल रहे हैं। स्मार्ट मीटर और बिजली दरों में बढ़ोतरी के कारण आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर गांव-गांव और शहर-शहर जाएगी तथा जनता के बीच पहुंचकर सरकार के खिलाफ जनमत तैयार करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी पिछले कई महीनों से महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर आंदोलन कर रही है। अब इसे प्रदेशव्यापी अभियान का रूप दिया जा रहा है, ताकि हर उपभोक्ता अपनी समस्या सरकार तक पहुंचा सके।

तीन दिन का आंदोलन कार्यक्रम

कांग्रेस द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार 1 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रेसवार्ता कर महंगी बिजली का मुद्दा जनता के सामने रखेंगे। 2 अगस्त को कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करेंगे और महंगे बिजली बिलों के विरोध में आवेदन भरवाएंगे। वहीं 3 अगस्त को प्रदेशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता रायपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।

बैज ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगी बिजली से परेशान है और कांग्रेस आम लोगों की आवाज़ बनकर सड़क पर उतरेगी। उन्होंने सरकार से बिजली दरों में राहत देने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक एवं तेज किया जाएगा।

प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री मलकित सिंह गेंदू, राजेंद्र तिवारी, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा सहित ग्रामीण और शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष भी मौजूद रहे।

Exit mobile version