छत्तीसगढ़ के 27 हजार बूथों तक पहुंचेगी कांग्रेस, 16 से 25 नवंबर तक चलेगा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है। पार्टी अब 16 से 25 नवंबर तक प्रदेश के करीब 27 हजार बूथों पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाएगी। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पहुंचकर लोगों को वोट चोरी के आरोपों और भाजपा सरकार व चुनाव आयोग की भूमिका को लेकर पार्टी का पक्ष बताएंगे।

इससे पहले कांग्रेस ने 11 से 15 नवंबर तक मंडल स्तर पर चौपाल का आयोजन कर जनता से संपर्क किया। अब इस अभियान को बूथ स्तर तक विस्तार देने की तैयारी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में पहले ही दिन प्रदेश के करीब 170 मंडलों में बैठकें आयोजित की गईं। पार्टी का लक्ष्य प्रदेश के सभी 1500 मंडलों तक पहुंचने का है।

बैज ने कहा कि कांग्रेस पूरे प्रदेश में वोट चोरी के मुद्दे को लेकर जनता के बीच जा रही है। 16 से 25 नवंबर तक 27 हजार बूथों पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान भाजपा सरकार और चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए लोगों को पार्टी की ओर से जानकारी दी जाएगी।

पीसीसी चीफ ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के बीच गठजोड़ है। कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से इन आरोपों को जनता के सामने रखेगी। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक पहुंचकर जनसंपर्क करने की जिम्मेदारी दी गई है।

Exit mobile version