CG
बालोद/डौंडी: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दल्लीराजहरा-अंतागढ़ रेल मार्ग पर बुधवार तड़के एक प्रेमी जोड़े ने पैसेंजर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया और नाबालिग छात्रा के शरीर के भी कई टुकड़े हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से युवक की बाइक बरामद की है।

तड़के 3:30 बजे पटरी पर लेट गए दोनों
जानकारी के अनुसार, घटना डौंडी थाना क्षेत्र के सलहाईटोला स्टॉपेज के पास की है। 6 मई की सुबह करीब साढ़े 3 बजे पैसेंजर ट्रेन (क्रमांक 78823) वहां से गुजर रही थी। इसी दौरान युवक और युवती पटरी पर लेट गए। लोको पायलट ने घटना के तुरंत बाद आरपीएफ (RPF) को इसकी सूचना दी।
मृतकों की पहचान और पृष्ठभूमि
पुलिस जांच में मृतकों की पहचान ग्राम कुम्हालोरी निवासी जितेश्वर तारम (23) और ग्राम साल्हे निवासी लीलेश्वरी उइके (17) के रूप में हुई है। लीलेश्वरी 10वीं कक्षा की छात्रा थी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
मंगलवार शाम से लापता थी छात्रा
परिजनों के मुताबिक, लीलेश्वरी मंगलवार (5 मई) की शाम से लापता थी। घर वालों ने डौंडी थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी। पुलिस उसकी तलाश कर ही रही थी कि सुबह पटरी पर दोनों की लाशें मिलने की सूचना मिली। घटनास्थल से कुछ दूरी पर युवक की बाइक (CG 07 LU 9886) भी खड़ी पाई गई है।
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
डौंडी थाना प्रभारी उमा ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है ताकि आत्महत्या के ठोस कारणों का पता चल सके।