CSVTU का पेपर लीक, 18 अगस्त को होने वाली परीक्षा स्थगित, जानिए पूरा मामला

भिलाई। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) की फार्मेसी चौथे सेमेस्टर की फार्माकोलॉजी-1 परीक्षा 18 अगस्त को होने वाली थी। पेपर लीक होने के कारण यह परीक्षा अब स्थगित कर दी गई है। कुलसचिव डॉ. अंकित अरोरा ने पेपर लीक की आधिकारिक पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, परीक्षा केंद्र एमजे कॉलेज ऑफ फार्मेसी ने 11 अगस्त को ही प्रश्नपत्र का पैकेट खोल दिया, जबकि पैकेट पर बड़े अक्षरों में परीक्षा की तिथि और विषय का नाम स्पष्ट रूप से अंकित था। प्रश्नपत्र खोलने से पहले गवाह के रूप में तीन लोगों के हस्ताक्षर लिए गए, लेकिन सभी ने बिना जांचे हस्ताक्षर कर दिए। इसमें कॉलेज के प्रोफेसर भी शामिल थे।

सीएसवीटीयू ने परीक्षा अब 22 अगस्त को आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस घटना के बाद विश्वविद्यालय को नए प्रश्नपत्र सेट कराने और छपवाने की पूरी प्रक्रिया दोबारा करनी होगी, जिससे पहले से छपे प्रश्नपत्र और खर्च दोनों बर्बाद हो गए। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि स्थगित परीक्षा में लगने वाला पूरा खर्च एमजे कॉलेज प्रबंधन से वसूला जाएगा। एमजे कॉलेज को परीक्षा केंद्र न देने पर भी विचार हो रहा है।

Exit mobile version