भिलाई के गणेश पंडाल में कटरबाजी, भतीजी को छेड़ने से मना करने पर युवक ने चाचा पर किया हमला

दुर्ग। भिलाई के गणेश पंडाल में कटरबाजी की घटना सामने आई है। संजय नगर तालाब के पास गणेश पंडाल में प्रसाद बांट रहे चाचा के सामने ही उसकी भतीजी को छेड़ने वाले युवक को मना करना चाचा को भारी पड़ गया। गुस्साए युवक ने चाचा पर कटर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले के बाद आरोपी वहां से भाग खड़ा हुआ, लेकिन चाचा का बुरा हाल देख भतीजी ने आसपास के लोगो को बुलाया और सभी ने मिलकर सुपेला अस्पताल पहुंचाया।

यह पूरा मामला सुपेला थाना क्षेत्र के संजय नगर के कुम्हारपारा का है। इधर घटना के बाद घायल सोमराज कुर्रे के चेहरे और बदन पर पड़े कटर के वार को देख सुपेला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस मोहल्ले के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। हालांकि घायल सोमराज कुर्रे ने आरोपी की पहचान की है और बताया है कि कटर मारने वाला युवक मोहल्ले का ही रहने वाला है।

Exit mobile version