बिलासपुर। बिलासपुर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है। तखतपुर विधानसभा से बीजेपी विधायक धर्मजीत सिंह के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर साइबर ठगों ने फेसबुक पर फर्जी आईडी बना ली। इस फर्जी अकाउंट के जरिए लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर उनसे पैसों की मांग की जा रही थी। मामला सामने आने के बाद विधायक की ओर से बिलासपुर पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
साइबर ठगों ने तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह की पहचान का दुरुपयोग करते हुए फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल तैयार की। इस अकाउंट से कई लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी गई और बाद में अलग-अलग बहानों से पैसों की मांग की गई। लोगों को शक होने पर मामले की जानकारी विधायक तक पहुंची।

विधायक ने सोशल मीडिया के जरिए किया अलर्ट
मामले की जानकारी मिलने के बाद विधायक धर्मजीत सिंह ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट से लोगों को सतर्क किया। उन्होंने बताया कि उनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर फर्जी फेसबुक आईडी बनाई गई है और उसके जरिए लोगों से पैसे मांगे जा रहे हैं। विधायक ने स्पष्ट किया कि ऐसी किसी भी मांग पर भरोसा न करें और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहें।
पुलिस ने शुरू की जांच
शिकायत मिलने के बाद बिलासपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फर्जी फेसबुक आईडी को ब्लॉक कराने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही साइबर ठगों और इस फर्जीवाड़े के पीछे शामिल लोगों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
जनप्रतिनिधियों के नाम पर आने वाले मैसेज से रहें सावधान
पुलिस और विधायक की ओर से लोगों से अपील की गई है कि यदि विधायक या किसी अन्य जनप्रतिनिधि के नाम से पैसे मांगने वाला कोई मैसेज, कॉल या स्क्रीनशॉट मिले, तो किसी भी स्थिति में भुगतान न करें। ऐसे संदेशों और स्क्रीनशॉट को सुरक्षित रखें और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें।