बिलासपुर। डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर एक महिला से 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के दो आरोपियों को रेंज साइबर थाना बिलासपुर ने राजस्थान से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया गया है। मामले में पुलिस अन्य आरोपियों और बैंक खातों की जांच में जुटी हुई है।
रेंज साइबर थाना बिलासपुर में इस मामले में अपराध क्रमांक 02/2026 के तहत धारा 318(4), 308(6), 3(5) बीएनएस एवं 66C, 66D आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

ऐसे दिया डिजिटल अरेस्ट का डर
पीड़िता के परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार महिला के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को “संजय PSI” बताया। आरोपी ने महिला को कहा कि उनका नाम एक आतंकवादी संगठन से जुड़े मामले में सामने आया है और उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है।
इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए महिला को घंटों तक तथाकथित “डिजिटल अरेस्ट” में रखा गया। आरोपियों ने पुलिस, ईडी, आरबीआई और सुप्रीम कोर्ट की कार्रवाई का भय दिखाकर महिला पर लगातार मानसिक दबाव बनाया। इतना ही नहीं, परिवार से संपर्क करने पर बेटे और अन्य रिश्तेदारों को भी फंसाने की धमकी दी गई। आरोपियों ने महिला को फर्जी सरकारी नोटिस, ईडी जांच दस्तावेज, सुप्रीम कोर्ट आदेश और आरबीआई नोटिस भेजकर विश्वास में लिया। डर और मानसिक दबाव में आकर महिला आरोपियों के झांसे में आ गई।
अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कराए 1.04 करोड़
साइबर ठगों ने महिला को विभिन्न बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया। अलग-अलग तिथियों में कुल 1 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद भी आरोपी “केस खत्म कराने” के नाम पर अतिरिक्त 50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। बाद में जब महिला ने अपने बेटे को पूरी घटना बताई, तब मामले का खुलासा हुआ और रेंज साइबर थाना बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई गई।
तकनीकी जांच में खुला नेटवर्क
मामला दर्ज होने के बाद साइबर पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम कई लेयर बैंक खातों के जरिए ट्रांसफर की गई थी। बैंकिंग ट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के चुरू जिले से दो आरोपियों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपी
- रूपेन्द्र सिंह (21 वर्ष), निवासी ग्राम पोती, थाना रतननगर, जिला चुरू, राजस्थान
- विशाल सिंह (20 वर्ष), निवासी ग्राम पोती, थाना रतननगर, जिला चुरू, राजस्थान
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उन्होंने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे। ठगी की रकम निकालकर अन्य लोगों तक पहुंचाने के बदले उन्हें कमीशन मिलता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार इस साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, बैंक खातों और डिजिटल ट्रेल की जांच जारी है। कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक गोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और नोडल अधिकारी गगन कुमार के निर्देशन में रेंज साइबर थाना बिलासपुर की टीम ने की।