रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में गुरुवार सुबह D.Ed अभ्यर्थियों ने सहायक शिक्षक के 2,300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले का घेराव कर दिया। अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ बंगले के अंदर धरने पर बैठ गए। उनकी मांग है कि सरकार जल्द से जल्द नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करे।
लंबे समय से नियुक्ति की मांग पूरी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थी गुरुवार तड़के शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचे। यहां उन्होंने प्रदर्शन शुरू कर दिया और अपने परिवार के सदस्यों के साथ अंदर ही धरने पर बैठ गए। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक 2,300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की तारीख घोषित नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

बंगले में भारी पुलिस बल तैनात
अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को देखते हुए शिक्षा मंत्री के बंगले में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, अभ्यर्थियों के परिजन भी आंदोलन में शामिल होकर उनका समर्थन कर रहे हैं।
321 दिनों से जारी है आंदोलन
D.Ed अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से सहायक शिक्षक के 2,300 पदों पर नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। लंबे समय से मांग पूरी नहीं होने के कारण अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के चलते अब उन्होंने शिक्षा मंत्री के बंगले के अंदर धरना शुरू कर दिया है।फिलहाल अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं और नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित होने तक प्रदर्शन जारी रखने की बात कह रहे हैं।

