भिलाई। शहर में शनिवार को चंद्रा–मौर्या टॉकीज के पास एक बोरे में बंद लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। सुबह राहगीरों ने सड़क किनारे पड़े बोरे से दुर्गंध आने पर इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरे को खोलकर देखा तो उसमें एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला।

प्रारंभिक तौर पर मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का अनुमान है कि हत्या कहीं और कर शव को पहचान छिपाने के इरादे से यहां फेंका होगा। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर रहे हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मृतक की पहचान और घटना से जुड़े आरोपियों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
