कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद करने की मांग, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री गडकरी से सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने किया आग्रह, विकास कार्यों का दिया प्रस्ताव

रायपुर. सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से बुधवार को मुलाकात की और विकास कार्यों को जल्द पूरा करने का आग्रह किया. उन्होंने छत्तीसगढ़ में रायपुर-दुर्ग राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर स्थित कुम्हारी टोल प्लाजा को बंद करने सहित सड़क चौड़ीकरण और फ्लाईओवर निर्माण को जल्द पूरा कराने की मांग रखी.

सांसद अग्रवाल ने बताया, कुम्हारी टोल प्लाजा की समय सीमा समाप्त हो चुकी है, इसके बावजूद यह पिछले 10 से 12 वर्षों से संचालित है. अवधि पूर्ण हो जाने के बाद भी यह टोल प्लाजा अवैध रूप से संचालित हो रहा है, जिससे स्थानीय जनता को भारी असुविधा और जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है. लिहाजा मैंने गडकरी से मुलाकात के दौरान टोल प्लाजा को तत्काल बंद करने का आग्रह किया है.

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रखी ये मांगें
रिंग रोड नं. 01 (एनएच-53) के सर्विस रोड को 5 मीटर से बढ़ाकर 11 मीटर किया जाए.
रायपुर रेलवे स्टेशन से नेशनल हाइवे 30 के जंक्शन तक बने एक्सप्रेस हाईवे को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सौंपा जाए. रायपुर शहर में तीन फ्लाईओवर का निर्माण करने के साथ तेलीबांधा से जोरा तक चौथे फ्लाईओवर का भी निर्माण शुरू किया जाए.
एक्सप्रेस हाईवे पर राष्ट्रीय राजमार्ग 30 (शदाणी दरबार) के जंक्शन पर ग्रेड सेपरेटर का निर्माण किया जाए.
भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस वे में रायपुर विशाखापट्टनम छत्तीसगढ़ ओडिशा सीमा तक 4 से 6 लेन राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य के लिए की गई भू अर्जन मुआवजा प्रकरण का जल्द से जल्द निराकरण किया जाए. साथ ही इसमें व्याप्त भ्र्ष्टाचार की जाँच की जाए.
राष्ट्रीय राजमार्ग 30 (कमल विहार चौक) के जंक्शन पर ग्रेड सेपरेटर का निर्माण किया जाए.

Exit mobile version