मंत्रालय में नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी : जॉब का सपना दिखाकर जीता भरोसा फिर 9.08 लाख की ठगी, महिला समेत दो गिरफ्तार

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी Accused in police custody

धमतरी। मंत्रालय में नौकरी और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का आवास दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में धमतरी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर एक युवक को अपने प्रभाव में लेकर अलग-अलग माध्यमों से 9 लाख 8 हजार रुपये लेने का आरोप है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पुलिस के अनुसार बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र के भानपुरी निवासी 27 वर्षीय मनीष साहू ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में उसकी मुलाकात शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से हुई थी। दोनों ने खुद को मंत्रालय में काम करने वाला बताते हुए उसे मंत्रालय में नौकरी लगवाने और गृह निर्माण मंडल के पारिजात भवन का आवंटन कराने का भरोसा दिलाया।

मंत्रालय ले जाकर बढ़ाया भरोसा
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने युवक को विश्वास में लेने के लिए उसे मंत्रालय स्थित महानदी भवन भी लेकर गए और बाहर से भवन दिखाया। इसके बाद पारिजात भवन की कीमत करीब 14 लाख 12 हजार रुपये बताकर आवंटन कराने की बात कही गई। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई। इसके अलावा फोन-पे, गूगल-पे और नकद के जरिए भी किश्तों में पैसे लिए गए। इस तरह कुल 9 लाख 8 हजार रुपये की रकम ली गई। आरोपियों ने कथित तौर पर बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी अपने पास रख लिए।

पैसे वापस मांगने पर लौटी आंशिक रकम
कुछ समय बाद जब युवक को अपने साथ ठगी होने का संदेह हुआ तो उसने आरोपियों से रकम वापस करने की मांग की। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने 2 लाख 98 हजार 999 रुपये वापस किए, जबकि बाकी रकम वापस नहीं की गई। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। मामले की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद शशि प्रभा साहू (50 वर्ष) और अमित कुमार देवांगन (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Exit mobile version