SBI कियोस्क में 10 साल तक खाताधारकों के पैसों से खेल : 1.07 करोड़ के गबन का आरोप, आरोपी संचालक गिरफ्तार

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी संचालक

धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र में बैंक खाताधारकों से कथित धोखाधड़ी और करोड़ों रुपये के गबन का मामला सामने आया है। पुलिस ने ग्राम कोरा के SBI कियोस्क संचालक केशव राम साहू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर वर्ष 2015 से 2025 के बीच खाताधारकों के साथ वित्तीय अनियमितता करते हुए कुल 1 करोड़ 75 हजार 717 रुपये के गबन का आरोप है।

SBI के कियोस्क संचालन की मिली थी जिम्मेदारी
पुलिस के मुताबिक धमतरी की NICT Technologies Pvt. Ltd. कंपनी SBI के अनुबंध के तहत ग्राहक सेवा केंद्र यानी कियोस्क संचालित कराती है। इसी व्यवस्था के तहत ग्राम कोरा में कियोस्क चलाने की जिम्मेदारी केशव राम साहू को दी गई थी। मामले का खुलासा होने के बाद कंपनी के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जुगलकिशोर ने भखारा थाने में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और दस्तावेजों तथा लेन-देन से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की।

2015 से 2025 तक लेन-देन में गड़बड़ी का आरोप
जांच के दौरान पुलिस के अनुसार 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच कियोस्क के जरिए खाताधारकों के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी और कूटरचना की गई। पुलिस ने इस अवधि में ₹1,00,75,717 की राशि के गबन का आरोप दर्ज किया है। मामले में भखारा थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4), 338 और 336(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।

कियोस्क से लैपटॉप और 29 FD बॉन्ड जब्त
पुलिस ने संदेही केशव राम साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। उसके मेमोरेंडम के आधार पर ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से Lenovo कंपनी का लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर बरामद किए गए।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि जांच में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी को कुरूद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस वित्तीय लेन-देन और संबंधित दस्तावेजों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Exit mobile version