धमतरी में दिनदहाड़े बड़ी चोरी : ICU से 16 लाख के दो वेंटिलेटर ले उड़े चोर, CCTV में कैद वारदात

CCTV फुटेज में कैद हुए आरोपी

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी में चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। इस बार चोरों ने किसी दुकान या मकान के बजाय अस्पताल के आईसीयू को निशाना बनाया। शहर के मसीही (क्रिश्चन) अस्पताल से दो वेंटिलेटर मशीनें चोरी हो गईं, जिनकी कुल कीमत करीब 16 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन में हड़कंप मच गया। वारदात अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

9 अक्टूबर को दिनदहाड़े हुई चोरी

मिली जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना 9 अक्टूबर की है। अज्ञात लोग अस्पताल के आईसीयू तक पहुंचे और वहां रखी दो वेंटिलेटर मशीनें लेकर फरार हो गए। अस्पताल प्रबंधन को इसकी जानकारी मिलने के बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। बताया जा रहा है कि दोनों वेंटिलेटर कोरोना महामारी के दौरान मरीजों के इलाज के लिए खरीदे गए थे। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, इनकी कीमत करीब 16 लाख रुपये है।

तीन संदिग्धों की तस्वीरें आईं सामने

अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आए हैं। मामले से जुड़े तीन संदिग्धों की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही हैं। पुलिस फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर उनकी पहचान और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

FIR दर्ज, वेंटिलेटर की तलाश में पुलिस

अस्पताल प्रबंधन की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का फोकस आरोपियों तक पहुंचने के साथ चोरी किए गए दोनों वेंटिलेटर बरामद करने पर है। अस्पताल जैसी जगह से दिनदहाड़े महंगे चिकित्सा उपकरण चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version