दुर्ग/सुपेला। भिलाई के लोकप्रिय न्यूज मीडिया प्लेटफॉर्म भिलाई टाइम्स न्यूज के इंस्टाग्राम पेज को निशाना बनाकर फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक भेजने और उसे हटाने के बदले ₹10,000 की रंगदारी मांगने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किया गया iPhone 16 मोबाइल फोन भी जप्त किया है।

क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी यशवंत साहू (संचालक, भिलाई टाइम्स न्यूज) ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि 32,000 फॉलोअर्स वाले उनके इंस्टाग्राम पेज पर 25 और 26 जुलाई 2026 की दरमियानी रात अचानक लगातार फर्जी कॉपीराइट स्ट्राइक आने लगीं। इससे पेज डिलीट होने का खतरा पैदा हो गया। जब पीड़ित ने संबंधित ई-मेल और व्हाट्सएप पर संपर्क किया, तो आरोपी ने स्ट्राइक हटाने के एवज में ₹10,000 की मांग की।
तकनीकी जांच से खुला राज रिपोर्ट के आधार पर सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 1061/2026 दर्ज कर धारा 308(2), 351(4) BNS और 66D IT एक्ट के तहत जांच शुरू की। साइबर सेल की मदद से व्हाट्सएप नंबर, ई-मेल आईडी और आईपी एड्रेस की तकनीकी जानकारी हासिल की गई, जिससे आरोपी की सटीक लोकेशन और पहचान उजागर हुई।
आरोपी की पहचान:
- नाम: अनीश कुमार (19 वर्ष)
- मूल निवासी: ग्राम उसरी चकिया, थाना महेन्द्रीया, जिला अरवल (बिहार)
- वर्तमान पता: आईओएस तथावडे, थाना वाकड, जिला पुणे (महाराष्ट्र)
पुलिस की कार्रवाई और जप्ती सुपेला पुलिस टीम ने आरोपी को धारा 35 BNSS का नोटिस तामील कराया, जिसके बाद 19 अगस्त 2026 को आरोपी के थाना उपस्थित होने पर मेमोरेंडम कथन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस की अपील दुर्ग पुलिस ने नागरिकों और सोशल मीडिया क्रिएटर्स से अपील की है कि किसी भी प्रकार की डिजिटल समस्या या स्ट्राइक आने पर अनजान व्यक्तियों को पैसे न दें। हमेशा प्लेटफॉर्म की आधिकारिक रिपोर्टिंग प्रणाली का उपयोग करें और तुरंत साइबर पुलिस को सूचित करें।