बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोशल मीडिया पर किए गए कमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। खपरगंज इलाके में दोनों पक्षों के बीच मारपीट और गाली-गलौज के बाद जमकर ईंट-पत्थर चले। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। घटना में तारबाहर थाने के टीआई रविशंकर तिवारी समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि एक पक्ष के युवक ने दूसरे पक्ष के युवक के साथ मारपीट कर दी थी। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ता चला गया। देखते ही देखते दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया। इस दौरान कई लोगों को चोटें आई हैं। तीन युवकों के चाकूबाजी में घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

पुलिस पर भी पथराव, टीआई के सिर में लगी चोट
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस पर भी पथराव किया गया। पथराव में तारबाहर टीआई रविशंकर तिवारी के सिर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। कुछ अन्य पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया। कई बार युवकों को खदेड़ा गया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए। इसके बावजूद इलाके में रुक-रुककर पथराव और नारेबाजी होती रही।
खपरगंज में देर रात तक तनाव
घटना के बाद खपरगंज और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बन गया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की गई। कोतवाली थाने के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग और युवक जमा हो गए। सड़कों पर भीड़ के बीच कई बार नारेबाजी और पथराव की स्थिति बनी रही।
मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज का है। हालात को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
कलेक्टर-एसएसपी समेत आला अधिकारी मौके पर
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह समेत पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। विधायक सुशांत शुक्ला और शहर के गणमान्य नागरिक भी थाने पहुंचे। अधिकारियों और नागरिकों ने युवकों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी और स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। विवाद की वास्तविक वजह, घायलों की संख्या और मामले में की गई कार्रवाई को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

