दोहरे हत्याकांड का खुलासा : जादू-टोने के शक में बुजुर्ग दंपति की हत्या, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरबिरा में हुए बुजुर्ग दंपति के सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने करीब एक साल पहले अपनी मां की मौत के लिए बुजुर्ग दंपति को जिम्मेदार मानते हुए जादू-टोना करने का शक पाल रखा था। इसी रंजिश में उसने कथित तौर पर दंपति की हत्या कर दी और घर से सोने-चांदी के जेवर लूट लिए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घर के अलग-अलग कमरों में मिले थे बुजुर्ग दंपति के शव

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को ग्राम बिरबिरा के सरपंच चम्मन लाल साहू ने आरंग थाने पहुंचकर सूचना दी कि सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू की अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वायड के साथ घटनास्थल पर पहुंची। घर के अलग-अलग कमरों में दोनों के खून से लथपथ शव मिले।

मामले में आरंग थाने में अपराध क्रमांक 481/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मां की मौत के बाद दंपति पर करने लगा था शक

जांच के दौरान पुलिस ने गांव के ही 22 वर्षीय प्रमोद उर्फ रॉकी, पिता सुशील साहू, को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल कर ली।

पुलिस के मुताबिक, करीब एक साल पहले आरोपी की मां की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसे संदेह होने लगा कि सदाशी साहू और उनकी पत्नी आसबती साहू ने जादू-टोना कर उसकी मां की जान ली है। आरोपी इसी बात को लेकर रंजिश रखता था और गांव में भी इस संबंध में चर्चा करता रहता था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी को मृतक दंपति के पास अधिक जमीन होने और आसबती साहू के सोने-चांदी के जेवर पहनने की जानकारी भी थी। हत्या के बाद उसने जेवर लूट लिए। मामले में लूट और छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

छत के रास्ते घर में घुसा, टंगिया और हंसिया से किया हमला

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 6 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे वारदात को अंजाम दिया। घर के लोगों के सो जाने के बाद वह टंगिया और हंसिया लेकर अपने मकान की छत से पड़ोसी प्रहलाद साहू की छत पार करते हुए सदाशी साहू के मकान की छत तक पहुंचा और वहां से नीचे उतर गया।

आरोप है कि उसने पहले कमरे में सो रहे सदाशी साहू के सिर पर टंगिया से वार कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद दूसरे कमरे में सो रही आसबती साहू के सिर और गले पर टंगिया से वार किया तथा हंसिया से सीने और पेट पर हमला कर उनकी भी जान ले ली।

हत्या के बाद जेवर लूटे, हथियार झाड़ियों में छिपाए

वारदात के बाद आरोपी ने आसबती साहू के पहने हुए चांदी के कमरबंध, ऐंठी, माला और सोने की खिनवा समेत घर में रखे अंगूठी, बिछिया और सिक्के लूट लिए। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खून लगे हथियारों को नाली में धोया और सफेद बोरी में भरकर तामासिवनी रोड के किनारे झाड़ियों में छिपा दिया।

हत्या में प्रयुक्त हथियार और जेवर बरामद

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टंगिया और हंसिया, खून लगी जींस पैंट तथा लूटे गए सोने-चांदी के जेवर बरामद कर लिए हैं। आरोपी प्रमोद उर्फ रॉकी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

रायपुर ग्रामीण पुलिस की इस कार्रवाई से बिरबिरा दोहरे हत्याकांड का खुलासा हो गया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, जादू-टोना करने का संदेह और पुरानी रंजिश इस जघन्य वारदात की मुख्य वजह बताई जा रही है।

Exit mobile version