CG News: शराबी पति ने पत्नी और साली पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, दोनों झुलसीं, इलाज जारी

गौरेला–पेण्ड्रा–मरवाही। जिले के गौरेला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शराबी पति ने नशे की हालत में अपनी पत्नी और साली पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार घटना अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) निवास के सामने स्थित सुलभ शौचालय परिसर की है, जहां आरोपी शंकर पांडे केयरटेकर के रूप में कार्य करता है और वहीं निवास करता है। बताया जा रहा है कि बीती रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने शराब के नशे में आकर पत्नी और उसकी बहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

घटना में पूजा (उम्र लगभग 24 वर्ष), जो कि मध्यप्रदेश के बुढ़ार की रहने वाली बताई जा रही है, और उसकी बहन काजल गंभीर रूप से झुलस गई हैं। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका उपचार कर रही है।

आरोपी पति शंकर पांडे, जो मूलतः इलाहाबाद का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version