दुर्ग। जिले के बोरी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम कांग्रेस विधायक यशोदा वर्मा की कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के बाएं पैर में फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई है। घायलों को पहले दुर्ग अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर के मेकाहारा अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मिलन चौक के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के मुताबिक, खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा की कार खैरागढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान लिटिया की तरफ से बोरी की ओर आ रही बाइक से मिलन चौक के पास कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में कार भी क्षतिग्रस्त हुई है। घायलों की पहचान शिव वर्मा (50) और हेमंत पटेल (45) के रूप में हुई है। दोनों कुम्हारी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वे लिटिया में अपने रिश्तेदार के यहां आए हुए थे।
भूपेश बघेल से मुलाकात कर लौट रही थीं विधायक
बताया जा रहा है कि विधायक यशोदा वर्मा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात के बाद लौट रही थीं। दुर्घटना के बाद विधायक की कार घटनास्थल पर ही रह गई और वे दूसरी बाइक से वहां से रवाना हुईं। विधायक के पति नीलांबर वर्मा के मुताबिक, बाइक सवार अचानक कार के सामने आ गए और टक्कर हो गई। उनका दावा है कि युवक के सामने आते ही कार रोक दी गई थी, लेकिन बाइक कार से जा भिड़ी। उन्होंने बताया कि विधायक को कोई चोट नहीं आई है। हादसे के बाद वे घबरा गई थीं, हालांकि अब उनकी स्थिति सामान्य है। उनके अनुसार, घायलों के इलाज की व्यवस्था कराई जा रही है।
SDOP ने की हादसे की पुष्टि, जांच जारी
धमधा SDOP बीएम तिग्गा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मिलन चौक के पास विधायक की कार और बाइक सवारों के बीच आमने-सामने टक्कर हुई है। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
मौके से रवाना होने पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि विधायक कार को मौके पर छोड़कर दूसरी बाइक से रवाना हो गईं और घायलों की मदद के लिए जरूरी पहल नहीं की गई। वहीं विधायक के पति ने घायलों के उपचार की व्यवस्था कराए जाने की बात कही है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है।
