मछुआरों से गांजा मांगने पर विवाद : धारदार हथियार से हमला कर मोबाइल-नकदी लूटने वाले 2 बदमाश गिरफ्तार

दुर्ग। पुलगांव थाना क्षेत्र के महमरा अनिकेत में मछुआरों से गांजा मांगने की बात को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट और लूट की वारदात में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने एक मछुआरे पर धारदार हथियार से हमला किया और उसका मोबाइल फोन व नकदी लूटकर फरार हो गए थे।

पुलिस ने मामले में सोहेल निषाद (19) और साहिल खान (24) को गिरफ्तार किया है। दोनों सुपेला क्षेत्र के रहने वाले हैं। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार, मोटरसाइकिल और पिस्टलनुमा प्लास्टिक खिलौना बरामद किया गया है।

रात में मछली पकड़ने गए थे मछुआरे

पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की रात प्रार्थी समेत कुछ मछुआरे महमरा अनिकेत के पास मछली पकड़ने पहुंचे थे। मछली पकड़ने के बाद वे वहीं सो रहे थे। इसी दौरान दोनों आरोपी वहां पहुंचे और मछुआरों से गांजा मांगने लगे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने धारदार हथियार से प्रार्थी पर हमला कर दिया। इसके बाद उसके पास मौजूद मोबाइल फोन और नकदी लेकर दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए।

जांच के बाद आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना की शिकायत के बाद पुलगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 824/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(6), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत मामला दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटानी शुरू की। लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने 16 अक्टूबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से मोबाइल फोन, धारदार हथियार, CG 07 0527 नंबर की मोटरसाइकिल और प्लास्टिक का पिस्टलनुमा खिलौना बरामद किया गया।

कोर्ट में पेश किए जाएंगे आरोपी

पुलिस के अनुसार, वारदात में दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में पुलगांव थाना और अंजोरा चौकी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Exit mobile version