दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से डॉक्टर और मरीज के पवित्र रिश्ते को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आई है। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोर के साथ कथित अश्लील हरकत करने के आरोप में पुलिस ने जनरल फिजिशियन डॉ. सुधीर कुमार हिसीकर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

चेकअप के बहाने अलग कमरे में ले गया आरोपी
मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि 17 वर्षीय पीड़ित किशोर मेडिकल सर्टिफिकेट बनवाने के लिए डॉक्टर के क्लीनिक पहुंचा था। आरोप है कि डॉक्टर जांच के बहाने उसे एक अलग कमरे में ले गया, जहां उसने नाबालिग के साथ कथित तौर पर अश्लील हरकत की और उसके निजी अंगों को गलत नीयत से छुआ।
दोस्तों और परिजनों से बताई आपबीती
घटना के बाद पीड़ित किशोर बेहद डर और सदमे में आ गया। क्लीनिक से बाहर निकलकर उसने सबसे पहले अपने दोस्तों को पूरी बात बताई और फिर घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को समझते हुए परिजन तुरंत पद्मनाभपुर थाने पहुंचे और डॉक्टर के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई।
POCSO एक्ट के तहत FIR और गिरफ्तारी
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रारंभिक जांच शुरू की। नाबालिग के बयान और प्राथमिक तथ्यों के आधार पर डॉक्टर सुधीर कुमार हिसीकर के खिलाफ POCSO एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई। इसके तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को हिरासत में लिया और कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पहले भी जेल जा चुका है विवादित डॉक्टर
पुलिस पड़ताल में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी डॉक्टर सुधीर हिसीकर का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह इससे पहले भी अवैध गर्भपात (Illegal Abortion) से जुड़े एक गंभीर मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।