दुर्ग। जिले के जामुल थाना क्षेत्र में पत्नी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है। पारिवारिक विवाद के बाद पत्नी ने चूहे मारने की दवा का सेवन कर लिया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
इलाज के दौरान हुई थी महिला की मौत
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसीसी कॉलोनी जामुल निवासी अंजना शर्मा ने 20 सितंबर 2026 को पति के साथ पारिवारिक विवाद के चलते चूहे मारने की दवा का सेवन कर लिया था। महिला की हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे श्री शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान 25 सितंबर 2026 को उसकी मौत हो गई।

मर्ग जांच में सामने आई पति की भूमिका
महिला की मौत के बाद जामुल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विस्तृत जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर मृतिका के पति संजीव कुमार शर्मा की भूमिका संदिग्ध पाई गई। पुलिस के अनुसार, पति द्वारा पत्नी को आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किए जाने के आधार पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 823/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
विवेचना के दौरान पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में 29 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने घेराबंदी कर संजीव कुमार शर्मा को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने पर पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव कुमार शर्मा (55 वर्ष), निवासी एमआईजी-78, जनता मार्केट के पास, पद्मनाभपुर, वर्तमान निवासी एसीसी कॉलोनी, जामुल, जिला दुर्ग के रूप में हुई है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद या घरेलू समस्याओं के दौरान आवेश में आकर कोई भी आत्मघाती कदम न उठाएं। विवादों का समाधान बातचीत, परामर्श और कानूनी सहायता के माध्यम से करने का प्रयास करें। घरेलू हिंसा, प्रताड़ना या किसी अन्य अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। समय पर उठाया गया कदम किसी की जिंदगी बचा सकता है।