दुर्ग IG गर्ग ने ली एक दिवसीय रेंज स्तरीय वर्कशॉप: कोर्ट में पेंडिंग मामलों पर दिया जोर… 250 से ज्यादा पुलिस अधिकारी-कर्मचारी हुए शामिल

दुर्ग। दुर्ग रेंज पुलिस महानिरीक्षक रंग गोपाल गर्ग ने महात्मा गांधी कला मंदिर सिविक सेंटर सभागार में रेंज स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया है। सत्र और अतिरिक्त सत्र न्यायालय में विचाराधीन प्रकरणों के संबंध में रेंज स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। रेंज के 250 से अधिक थानों के कोर्ट आरक्षक, मददगार, मुंशी के साथ-साथ कोर्ट मोहरीर, विवेचक, थाना प्रभारी, राजपत्रित अधिकारी शामिल हुए।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य पुलिस और न्यायालयीन प्रक्रियाओं को मजबूत बनाना था, ताकि न्यायिक मामलों की गुणवत्ता में सुधार हो सके और अपराधियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सके। इस दौरान अपराध नियंत्रण के लिए नवीन रणनीतियों और प्रभावी कानून व्यवस्था स्थापित करने के तरीकों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने कहा कि पुलिस की विवेचना प्रणाली का सशक्त होना अपराध नियंत्रण और न्याय प्रक्रिया की सफलता की कुंजी है। उन्होंने जमानत आवेदन पर विरोध करने के महत्व को रेखांकित किया और इसे और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। गर्ग ने यह भी कहा कि विवेचना के दौरान पुलिस की तत्परता और सटीकता अपराधियों को सजा दिलाने में निर्णायक साबित होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पुलिस अधीक्षक दुर्ग जितेंद्र शुक्ला ने कहा कि पुलिस की सफल विवेचना न केवल अपराधियों को सजा दिलाती है, बल्कि इससे समाज में कानून व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोद अशोक जोशी ने ट्रायल मॉनिटरिंग जरायम प्रोफार्मा के महत्व पर प्रकाश डाला। उप संचालक बालोद प्रेमेंद्र बैसवाड़े ने विवेचना से जुड़े दस्तावेज़ों और साक्ष्यों की प्रासंगिकता पर चर्चा की। उन्होंने इस दौरान कर्मचारियों की शंकाओं को दूर किया। कार्यशाला में विशेष रूप से अपराध रोकथाम और अपराधियों को सजा दिलाने के लिए ठोस विवेचना और समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद देवांश सिंह राठौर ने किया। इस कार्यशाला में उप संचालक दुर्ग अनुरेखा सिंह, उप संचालक बालोद प्रेमेंद्र बैसवाड़े, एडीपीओ बेमेतरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, सुखनंदन राठौर, वेदव्रत सिरमौर, कमल नारायण शर्मा, मोनिका ठाकुर, राजेश झा, डॉ. चित्रा वर्मा, शिल्पा साहू, बेनिफास एक्का, राजेश बागड़े, मनोज तिर्की, सत्य प्रकाश तिवारी, संजय पुंढीर सहित रेंज के अन्य राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, विवेचक, मुंशी, मददगार, कोर्ट आरक्षक और कोर्ट मोहरीर उपस्थित रहे।

Exit mobile version