दुर्ग। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के 30 अक्टूबर को प्रस्तावित दुर्ग दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम से एक दिन पहले कैबिनेट मंत्री एवं दुर्ग शहर विधायक गजेंद्र यादव ने महेश कॉलोनी स्थित सभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री गजेंद्र यादव ने सभा स्थल पर बैठक व्यवस्था, पार्किंग, कार्यकर्ताओं की सहभागिता और कार्यक्रम से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा कर कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सभा के बाद पदयात्रा में शामिल होंगे जेपी नड्डा
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा 30 अक्टूबर को महेश कॉलोनी में आयोजित सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के संदेश के साथ आयोजित पदयात्रा में भी शामिल होंगे। जेपी नड्डा के दौरे को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सभा और पदयात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता की तैयारी की जा रही है।
गजेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं से की सक्रिय भागीदारी की अपील
मंत्री गजेंद्र यादव ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर आयोजन को सफल बनाएं और पदयात्रा के जरिए इसके उद्देश्य एवं संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं।
