दुर्ग। साइबर अपराध के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर महिला की तस्वीरों से छेड़छाड़ करने और वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में पीड़िता ने उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी राधेलाल माहरा ने इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर पीड़िता को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद उसने बातचीत शुरू की और बाद में व्हाट्सएप के जरिए संपर्क कर अश्लील तस्वीरें भेजकर महिला को ब्लैकमेल करने लगा।

आरोपी ने पीड़िता की तस्वीरों को आपत्तिजनक तरीके से एडिट कर इंस्टाग्राम और मैसेज के माध्यम से वायरल करने की धमकी दी। वह लगातार अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए महिला पर दबाव बना रहा था और मांगें पूरी नहीं करने पर और तस्वीरें वायरल करने की चेतावनी दे रहा था।
पीड़िता द्वारा विरोध करने और शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को बालोद जिले के ग्राम कोहगाटोला से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने तीन अलग-अलग फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अपराध करना स्वीकार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन और चैटिंग से जुड़े महत्वपूर्ण स्क्रीनशॉट भी जब्त किए हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से बचें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करें।