दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में स्कूली छात्रों के बीच आपसी रंजिश को लेकर चाकूबाजी की घटना सामने आई है। चाकूबाजी में बीच बचाव करने आया एक छात्र का बड़ा भाई घायल हुआ है। पूरा मामला पद्मनापुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, खालसा स्कूल के एक छात्र का किसी दूसरे स्कूल के छात्र से पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद उस समय शांत हो गया, लेकिन दूसरे स्कूल का छात्र मन में रंजिश पाले रहा। बदला लेने की नीयत से उसने अपने 10 से 11 साथियों को इकट्ठा किया और 19 दिसंबर को अचानक चाकू से हमला कर दिया।

सभी छात्र नाबालिग है। 11वीं और 12वीं में अलग-अलग स्कूल में पढ़ते है। हमले के दौरान जब खालसा स्कूल के छात्र का बड़ा भाई केशव बीच-बचाव के लिए आगे आया तो आरोपियों ने उस पर भी चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल केशव को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, केशव को चाकू से गहरी चोटें आई हैं। उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
मामूली कहासुनी से शुरू हुआ था विवाद
छात्रों ने बताया कि यह पूरा मामला एक मामूली कहासुनी से शुरू हुआ था, जो बाद में चाकूबाजी जैसी गंभीर वारदात में बदल गया। छात्रों ने बताया कि इससे पहले भी कई बार इस तरह के विवाद दोनों के बीच में हो चुके हैं, लेकिन चाकूबाजी जैसी स्थिति इस बार सामने आई है। जानकारी के अनुसार, चाकू से हमला करने वाले आरोपी लड़के पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से सभी आरोपी छात्र फरार हैं। पद्मनापुर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।