दुर्ग में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ : मासिक वेतन पर काम करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 4.93 लाख कैश जब्त

दुर्ग। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दुर्ग पुलिस ने एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला और एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट (ACCU) की संयुक्त टीम ने रूंगटा कॉलेज के पीछे राजा गार्डन स्थित एक मकान में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी WINBUZZ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह के लिए मासिक वेतन पर काम कर रहे थे।

पुलिस ने मौके से 4 लाख 93 हजार रुपये नकद सहित बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और वाहन जब्त किए हैं। मामले में गिरोह के कथित मुख्य संचालक देवेंद्र कुमार साहू सहित अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

पुलिस को सूचना मिली थी कि रूंगटा कॉलेज के पीछे जी-9 टावर के पास राजा गार्डन स्थित देवेंद्र कुमार साहू के मकान में कुछ लोग WINBUZZ ऐप के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चला रहे हैं। सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में मौके पर दबिश दी और घेराबंदी कर कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, टीम को देखकर वहां मौजूद कुछ संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया गया। पूछताछ और मौके की जांच में ऑनलाइन सट्टा संचालन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे लैपटॉप, मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज और नकदी बरामद हुई।

मासिक वेतन पर करते थे सट्टे का काम

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू अपने साथियों के साथ मिलकर WINBUZZ ऐप के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करता था। इस नेटवर्क में लैपटॉप, मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अलग-अलग लोगों के बैंक खातों व एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया जाता था। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपी मासिक वेतन के आधार पर सट्टा संचालन का काम करते थे। जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि कुछ खाताधारकों की जानकारी के बिना उनके बैंक खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर सट्टे के लेन-देन में किया जा रहा था। पुलिस इस पूरे नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।

4.93 लाख नकद समेत बड़ी मात्रा में सामान जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और मौके से निम्न सामग्री जब्त की है:

4 लाख 93 हजार रुपये नकद।

3 लैपटॉप और 1 आईपैड।

विभिन्न कंपनियों के 18 स्मार्ट मोबाइल फोन।

विभिन्न बैंकों के 22 एटीएम कार्ड और 10 पासबुक।

4 एयरटेल बैंक QR कोड स्कैनर।

1 एयरटेल वाई-फाई डिवाइस।

4 होंडा एक्टिवा स्कूटर।

अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रकाश हरिनखेड़े (23), निवासी अर्जुन नगर, थाना वैशाली नगर, दुर्ग और डिकेश प्रसाद तिवारी (22), निवासी अर्जुन नगर, थाना वैशाली नगर, दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2), 317(4) एवं 61(2) के तहत अपराध दर्ज कर 2 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया है। मामले में मुख्य आरोपी देवेंद्र कुमार साहू और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है।

बैंक खाते और एटीएम कार्ड देने वालों से भी सतर्क रहने की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से ऑनलाइन सट्टा और जुए से दूर रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम कार्ड या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी उपलब्ध न कराएं। बैंक खाते को किराये पर देना या उसके माध्यम से संदिग्ध लेन-देन कराना कानूनी परेशानी का कारण बन सकता है। पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे या संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद भाजपा का कांग्रेस...

रायपुर। महादेव सट्टा एप के सरगना सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता...

पंडरिया के वनांचल में 61 लोगों की घर वापसी...

पंडरिया। कबीरधाम जिले की पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्र में आयोजित संस्कृति गौरव सम्मेलन एवं अभिनंदन समारोह के दौरान 61 लोगों की मूल धार्मिक...

बलौदाबाजार में पटवारियों का आंदोलन तेज : निलंबन और...

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल ने अब और जोर पकड़ लिया है। दो सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर...

खैरागढ़ में राज्योत्सव की कवरेज कर रहे पत्रकारों से...

खैरागढ़। राज्योत्सव जैसे सार्वजनिक आयोजन में समाचार संकलन कर रहे पत्रकार के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आया है। बंसल न्यूज...