भिलाई में हत्या के आरोपी को दुर्ग पुलिस ने एक दिन में ही दबोचा… तालाब के पास नाबालिग के साथ मिलकर युवक को चाकू घोंप उतारा मौत के घाट, स्टेशन में भागते दोनों गिरफ्तार; आरोपी का लंगड़ाते वीडियो भी सामने आया

भिलाई। भिलाई में हत्या के मामले में आरोपी को पुलिस ने कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया है। मामला छावनी थाना क्षेत्र का है। गिरफ्तार आरोपी का नाम विजय मारकण्डेय उर्फ जय है, जो राजीव नगर, जैतखाम (भिलाई) का निवासी है, और उसके साथ एक नाबालिग भी इस हत्या में शामिल था। दुर्ग पुलिस ने अपनी तत्परता से हत्या के आरोपी को घटना के कुछ ही समय बाद गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2024 को कैम्प 01, भिलाई स्थित मुस्लिम कब्रिस्तान के पास करिया तालाब में हत्या की एक घटना घटी थी। इस मामले में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने खुद इस केस में रुचि लेते हुए छावनी पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक हरिश पाटिल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक चेतन सिंह चन्द्राकर के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू किया।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी जय और एक अन्य लड़का रेल्वे स्टेशन पावर हाउस भिलाई में ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं, ताकि वे डोंगरगढ़ भाग सकें। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विजय मारकण्डेय उर्फ जय बताया और बताया कि वह भिलाई के जैतखाम का निवासी है। दूसरा लड़का नाबालिग था, जिसे पुलिस ने हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने घटना की पूरी जानकारी दी। उसने बताया कि 16 नवंबर 2024 को रात के समय एक विवाद के बाद उसने और नाबालिग ने मिलकर एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल पर बैठाकर करिया तालाब के पास ले जाकर उसके साथ झगड़ा किया। आरोपी ने इस मामले में अपनी भूमिका स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक रिमांड पर दुर्ग न्यायालय में पेश किया। थाना छावनी पुलिस*की सक्रियता और तत्परता के कारण आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार किया जा सका। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक वरुण देवता, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, आरक्षक त्रिलोकनाथ भाटी, भागवत साहू, धर्मेन्द्र सिंह और महताब की सराहनीय भूमिका रही।