दुर्ग रीजन का पहला 8 MVA क्षमता का पॉवर ट्रांसफार्मर भिलाई में लगा, साढ़े 10 करोड़ से ज्यादा की है लागत… सबस्टेशन की कैपेसिटी बढ़कर हुई 18 MVA

  • नेहरु नगर जोन के लगभग 3200 उपभोक्ता होंगे लाभान्वित

दुर्ग। दुर्ग रीजन में 8 MVA क्षमता का पहला पावर ट्रांसफार्मर भिलाई के नेहरू नगर उपकेंद्र में स्थापित किया गया। लगभग 10 करोड़ 58 लाख की लागत से स्थापित ट्रांसफार्मर से उपकेंद्र की क्षमता अब 10 से बढ़कर 18 एमवीए हो गई है। उपभोक्ताओं को पर्याप्त वोल्टेज के साथ सतत विद्युत सप्लाई देने हेतु राज्य शासन के मार्गदर्षन में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज द्वारा तत्परता से नित नये कार्य किए जा रहे हैं। इसी तारतम्य में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड दुर्ग क्षेत्र के भिलाई शहर(पश्चिम) संभाग के अंतर्गत स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र नेहरु नगर में 08 एमवीए क्षमता का एक अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर लगाकर मुख्य अभियंता एम. जामुलकर द्वारा चार्ज किया गया, जिससे उपकेंद्र की क्षमता बढ़कर 18 एमवीए हो गई है।

गौरतलब है कि 08 एमवीए क्षमता का यह पॉवर ट्रांसफार्मर दुर्ग क्षेत्र में पहली बार स्थापित किया गया है। जिसे शहर में बढ़ते हुए लोड को देखते हुए, उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सुविधा प्रदान करने के लिए स्थापित किया गया है। अभी तक उपकेंद्रों में अधिकतम 05 एमवीए क्षमता वाले पॉवर ट्रांसफार्मर ही स्थापित किए जाते रहे हैं। नेहरु नगर क्षेत्र में बढ़ते हुए लोड को देखते हुए 08 एमवीए का बड़ा पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया है। पूर्व से ही उपकेंद्र में 05 एमवीए के तीन पॉवर ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं, जिनमें से एक 05 एमवीए पॉवर ट्रांसफार्मर को बदलकर नया 08 एमवीए का ज्यादा क्षमता वाला ट्रांसफार्मर लगाया गया। उक्त कार्य से नेहरु नगर सहित पुष्पक नगर, स्मृति नगर एवं आसपास के लगभग 3200 उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत सुविधाएं प्राप्त होंगी।

एम.जामुलकर ने कहा कि उक्त कार्य मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत 10 करोड़ 58 लाख रुपए की लागत से किया गया है। जामुलकर ने इसे क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए सराहनीय बताते हुए इस कार्य में संलग्न विभागीय टीम को समय पर कार्य पूर्ण करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पॉवर कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण बिजली पहुंचाने के लिए समर्पित होकर कार्य कर रहें हैं। अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मर लगने से उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता तरुण कुमार ठाकुर, कार्यपालन अभियंता पी.के.शर्मा, चेल्ला अनिल कुमार, संतोष मिश्रा, सहायक अभियंता कौशलेन्द्र पांडेय, नवीन वर्मा, श्वेता वर्मा एवं नेहरु नगर जोन के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।