दुर्ग में BJP के भीतर असंतोष : MLA ईश्वर साहू से नाराजगी के चलते 15 पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं ने दिया इस्तीफा

बीजेपी का झंडा

दुर्ग। जिले में भाजपा के भीतर किसानों के मुद्दे को लेकर असंतोष खुलकर सामने आया है। पार्टी से जुड़े 15 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के इस्तीफे की बात सामने आई है। इस्तीफा देने वालों ने साजा विधायक ईश्वर साहू के प्रति नाराजगी जाहिर करते हुए क्षेत्र के किसानों की समस्याओं पर अपेक्षित पहल नहीं होने का आरोप लगाया है।

पार्टी छोड़ने का फैसला करने वाले पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने इस्तीफे भाजपा के धमधा मंडल अध्यक्ष लोकेन्द्र ब्रम्हाभट को भेजे हैं। एक साथ कई लोगों के इस कदम के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

किसानों की मांगों को लेकर असंतोष

इस्तीफा देने वाले नेताओं का कहना है कि क्षेत्र के किसान विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं और लंबे समय से उनके समाधान की उम्मीद की जा रही थी। उनका आरोप है कि किसानों की परेशानियों को लेकर अपेक्षा के अनुरूप पहल नहीं हुई। इसी मुद्दे पर नाराजगी बढ़ने के बाद पार्टी से अलग होने का निर्णय लिया गया। इस्तीफा देने वालों में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा धमधा मंडल के अध्यक्ष डॉ. हर्ष साहू और सक्रिय सदस्य तेजराम साहू के नाम प्रमुख रूप से सामने आए हैं। इसके अलावा कमलेश जंघेल, भरत गिरी गोस्वामी, दुवासू साहू, नेतूराम साहू, भानुप्रताप साहू, लीलाराम, चेतन देवांगन, अनिल कुमार, दूजलाल, सावंत साहू और खेमगिरि गोस्वामी समेत अन्य नाम भी इस्तीफा देने वालों में बताए गए हैं।

विधायक की कार्यप्रणाली पर जताई नाराजगी

पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की नाराजगी साजा विधायक ईश्वर साहू की कार्यप्रणाली को लेकर बताई जा रही है। किसानों के मुद्दे पर समाधान नहीं निकलने को लेकर उन्होंने सवाल उठाए हैं और इसी के बाद इस्तीफे का कदम उठाया है। एक साथ 15 पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के इस्तीफे की खबर से स्थानीय भाजपा संगठन में हलचल बढ़ गई है। हालांकि इस पूरे मामले में साजा विधायक ईश्वर साहू अथवा भाजपा संगठन की प्रतिक्रिया सामने आने की जानकारी नहीं है। पार्टी नेतृत्व का पक्ष आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version