दुर्ग। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में नगर निगम के एक सफाईकर्मी की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अविनाश परिहार उर्फ नासो (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लिया है। दूसरी ओर, मृतक के परिजनों ने वारदात में कुछ अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ड्यूटी पर जाने के बाद घर नहीं लौटे अविनाश
मृतक की पत्नी पद्मा निर्मलकर के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अविनाश घर पर नाश्ता करने आए थे। इसके बाद वे नगर निगम की ड्यूटी पर चले गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उन्होंने एक परिचित से उनके बारे में जानकारी ली। परिचित ने बताया कि अविनाश सिद्धार्थ नगर के ग्राउंड में कुछ युवकों के साथ बैठे हैं। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन पर हमले की खबर मिली। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
भांजे ने दो नाबालिगों पर लगाया चाकू से हमला करने का आरोप
अविनाश के भांजे अरमान भारद्वाज ने बताया कि वह दोपहर करीब 2 बजे मामा के घर पहुंचा था। मामी से जानकारी मिलने के बाद वह बताए गए स्थान पर पहुंचा। अरमान का दावा है कि वहां उसे मामा की आवाज सुनाई दी। जब वह मौके पर पहुंचा तो अविनाश जमीन पर पड़े थे और दो नाबालिग उन पर चाकू से वार कर रहे थे। अरमान को देखकर दोनों युवक वहां से भाग निकले।
परिजनों को अन्य लोगों की भूमिका का संदेह
मृतक के परिजनों का कहना है कि हत्या की परिस्थितियों को देखते हुए इसमें अन्य लोगों की भूमिका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की बारीकी से जांच करने और वारदात में शामिल सभी लोगों की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने दो संदिग्ध नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
