11 दिवसीय एडवांस स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम का समापन : शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रशिक्षणार्थियों को बांटे प्रमाण- पत्र

शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रशिक्षणार्थियों को बांटे प्रमाण- पत्र

दुर्ग। इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICMAI) की ओर से बीआईटी कॉलेज दुर्ग में आयोजित 11 दिवसीय एडवांस स्किल ट्रेनिंग प्रोग्राम का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण के अनुभवों, हासिल की गई सीख और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की।

समारोह के दौरान मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रशिक्षणार्थियों को सफलतापूर्वक कार्यक्रम पूरा करने पर प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने कहा कि युवाओं के ज्ञान, कौशल और व्यावसायिक क्षमता को विकसित करने के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण हैं।

बदलते कार्यक्षेत्र के साथ कौशल बढ़ाना जरूरी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में कार्यक्षेत्र तेजी से बदल रहा है और नई तकनीकों के साथ रोजगार एवं करियर की नई संभावनाएं भी सामने आ रही हैं। ऐसे में युवाओं को केवल शैक्षणिक ज्ञान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि व्यावहारिक कौशल और प्रोफेशनल दक्षताओं को भी लगातार विकसित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एडवांस स्किल ट्रेनिंग जैसे कार्यक्रम युवाओं को अपने ज्ञान को व्यवहार में उतारने और कार्यक्षेत्र की जरूरतों को समझने का अवसर देते हैं। इससे आत्मविश्वास बढ़ने के साथ करियर की संभावनाओं को लेकर भी समझ विकसित होती है।

प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प का किया उल्लेख
मंत्री गजेंद्र यादव ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने में देश की युवा शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से कहा कि सीखने की प्रक्रिया कभी खत्म नहीं होती। अपने क्षेत्र में लगातार नई जानकारी हासिल करना और समय के साथ खुद को अपडेट रखना जरूरी है। सफलता के लिए ज्ञान के साथ अनुशासन, मेहनत, सकारात्मक सोच और निरंतर सीखने की इच्छा भी आवश्यक है।

युवाओं के कौशल विकास को प्राथमिकता
शिक्षा मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में युवाओं के कौशल विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है। शिक्षा और कौशल विकास के बीच बेहतर तालमेल बनाकर युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सकता है। समापन समारोह में मंत्री ने 11 दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए। उन्होंने ICMAI और बीआईटी दुर्ग द्वारा कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।

Exit mobile version