दुर्ग के ऐतिहासिक जेआरडी मल्टीपरपस स्कूल का होगा उन्नयन, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने किया निरीक्षण

दुर्ग। गांधी चौक दुर्ग स्थित शहर के सबसे पुराने एवं ऐतिहासिक जेआरडी मल्टीपरपस स्कूल के संरक्षण और शैक्षणिक उन्नयन को लेकर प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने विगत दिनों शिक्षा विभाग एवं आरईएस के अधिकारियों के साथ विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया।
देश की आजादी से पूर्व स्थापित इस विद्यालय से दुर्ग शहर की कई पीढ़ियों की भावनात्मक स्मृतियाँ जुड़ी हुई हैं। वर्षों से यह विद्यालय न केवल शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है, बल्कि शहर की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय भवन की वर्तमान स्थिति, आवश्यक मरम्मत, संरचनात्मक मजबूती तथा उसके मूल स्वरूप एवं ऐतिहासिक पहचान को संरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के विषय में शिक्षक और इंजिनियरो से विस्तृत चर्चा की गई।

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि जेआरडी स्कूल केवल एक शैक्षणिक संस्था नहीं, बल्कि दुर्ग शहर की विरासत और पहचान है। इस विद्यालय से हजारों विद्यार्थियों ने शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। यहां से पढ़कर निकले विद्यार्थी आज देश-प्रदेश के अनेक महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। खेल, साहित्य, पत्रकारिता, कला, पुलिस, सेना, राजनीति एवं प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में इस विद्यालय के पूर्व विद्यार्थियों ने दुर्ग का नाम गौरवान्वित किया है। स्वयं शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव भी इसी विद्यालय के विद्यार्थी रहे हैं, जिसके कारण इस संस्था से उनका विशेष भावनात्मक जुड़ाव है।

विद्यालय परिसर स्थित ऐतिहासिक टैगोर हॉल का भी निरीक्षण किया गया। यह हॉल वर्षों तक दुर्ग शहर की प्रमुख गतिविधियों का केंद्र रहा है। उस समय जब शहर में बड़े सभागारों का अभाव था, तब अनेक महत्वपूर्ण शासकीय प्रशिक्षण, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं सामाजिक आयोजन इसी हॉल में आयोजित होते थे। शहर के नागरिकों एवं प्रशासनिक व्यवस्था से इस हॉल का गहरा संबंध रहा है।

आरईएस विभाग के इंजीनियरों ने जानकारी दी कि टैगोर हॉल का रेनोवेशन करते हुए इसे सुसज्जित किया जाएगा तथा इसमें अटैच बाथरूम सहित आवश्यक सुविधाओं का निर्माण भी किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था, फर्नीचर, स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक कार्यों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।

सुपर 30 क्लास की योजना
जेआरडी स्कूल में सुपर-30 योजना प्रारंभ करने की दिशा में भी पहल की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत NEET एवं JEE जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विशेष कोचिंग, अनुभवी शिक्षकों का मार्गदर्शन एवं अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य दुर्ग एवं आसपास के विद्यार्थियों को बड़े शहरों जैसी गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि ग्रामीण एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को भी बेहतर अवसर मिल सकें।

शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि शासकीय विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। जेआरडी मल्टीपरपस स्कूल का संरक्षण एवं विकास न केवल एक भवन का नवीनीकरण होगा, बल्कि दुर्ग शहर की ऐतिहासिक शैक्षणिक धरोहर को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

खबरें और भी हैं...
संबंधित

CG Crime : लव अफेयर में प्रेमी की हत्या,...

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। मिरतुर थाना क्षेत्र में एक शादीशुदा महिला पर अपने...

रायपुर पहुंचे प्रदेशभर के बेरोजगार युवा, भर्ती प्रक्रिया जल्द...

रायपुर। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे बेरोजगार अभ्यर्थी शनिवार को राजधानी रायपुर पहुंचे और लंबित भर्तियों को जल्द शुरू करने...

दुर्ग पुलिस की बड़ी कामयाबी: 8 सूने मकानों में...

दुर्ग। मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में लगातार सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चोर को...

रायगढ़ में हाथी का आतंक: दो लोगों की मौत,...

रायगढ़। जिले के धर्मजयगढ़ वन मंडल में शनिवार तड़के हाथी के हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चा बाल-बाल...