महादेव सट्टा ऐप केस में ED की बड़ी कार्रवाई : Ebix Official के चेयरमैन विकास गर्ग दिल्ली से गिरफ्तार, 940.77 करोड़ की संपत्ति पहले ही हो चुकी थी अटैच

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति और देशभर में चर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए Ebix Official के चेयरमैन विकास गर्ग को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब हाल ही में ईडी ने विकास गर्ग, उनके रिश्तेदारों और करीबी सहयोगियों की 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत अटैच की थीं।

ईडी के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक और स्काई एक्सचेंज से जुड़े अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क के जरिए अर्जित धन को शेयर बाजार और अन्य निवेश माध्यमों के जरिए वैध दिखाने का प्रयास किया गया। जांच में सामने आया कि इसी कथित काली कमाई से आलीशान मकान, व्यावसायिक भूमि, विभिन्न स्थानों पर भूखंड, इक्विटी शेयर, सिक्योरिटीज, निवेश और अन्य वित्तीय परिसंपत्तियां खरीदी गईं।

दुर्ग की एफआईआर से शुरू हुई थी जांच
महादेव सट्टा ऐप मामले की जांच की शुरुआत दुर्ग में दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई थी। बाद में छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के अलावा आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों को भी जांच में शामिल किया गया। इन मामलों में ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के संचालकों, प्रमोटरों और सहयोगियों पर आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी और मनी लॉन्ड्रिंग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
ईडी इस मामले में पहले ही सात प्रोविजनल अटैचमेंट ऑर्डर जारी कर चुकी है। एजेंसी ने स्पेशल पीएमएलए कोर्ट में मुख्य अभियोजन शिकायत के साथ कई पूरक शिकायतें भी दाखिल की हैं, जिन पर सुनवाई जारी है।

ताजा कार्रवाई से पहले ईडी महादेव ऑनलाइन बुक और स्काई एक्सचेंज मामले में करीब 2,825 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियां, विदेशी परिसंपत्तियां, बैंक खातों में जमा राशि और अन्य वित्तीय संपत्तियां कुर्क कर चुकी थी। अब विकास गर्ग और उनसे जुड़ी संस्थाओं की 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच किए जाने के बाद इस मामले में कुल करीब 3,800 करोड़ रुपये की संपत्तियां ईडी द्वारा अटैच की जा चुकी हैं।

Exit mobile version