CG: बाइक खड़ी करने के विवाद में बुजुर्ग दंपती की हत्या, दोहरे हत्याकांड के आरोपी निकले पड़ोसी

CG

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बाइक खड़ी करने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदुरस में पड़ोसियों ने घर में घुसकर सो रहे बुजुर्ग दंपती की लोहे की रॉड से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने सोने के जेवर, नकदी और मोबाइल भी लूट लिए। पुलिस ने दो आरोपियों समेत चोरी का जेवर खरीदने वाले सराफा व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 2 जून की रात किसान पुरुषोत्तम खुंटे और उनकी पत्नी गुहरिन बाई खुंटे अपने घर के बरामदे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी स्केल पट्टी की मदद से दरवाजा खोलकर घर में घुसे और दोनों के सिर व चेहरे पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण दंपती की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद महिला के गले से सोने के जेवर, नाक की फुल्ली, अलमारी में रखी नकदी और मोबाइल फोन गायब मिले। जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर खरसिया थाना क्षेत्र के पलगड़ा के पास एक ढाबे से देवकुमार यादव (33) को हिरासत में लिया। उसके पास से मृतक का मोबाइल बरामद हुआ। पूछताछ में उसने अपने साथी रूपचरण यादव (40) के साथ मिलकर हत्या और लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

बाइक खड़ी करने के विवाद का लिया बदला

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले मृतक पुरुषोत्तम खुंटे से बाइक खड़ी करने को लेकर उनका विवाद हुआ था। इसी रंजिश में उन्होंने हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

जेवर खरीदने वाला व्यापारी भी गिरफ्तार

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी रूपचरण यादव ने लूटे गए सोने के आभूषण जैजैपुर स्थित खिलेश्वर ज्वेलर्स के संचालक बाबूलाल साहू (50) को 84 हजार रुपये में बेच दिए थे। पुलिस ने उसके घर से जेवर बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

सोना, नकदी, मोबाइल और हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 9 ग्राम सोने के जेवर, 5 ग्राम गला हुआ सोना, 77 हजार रुपये नकद, हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड, मोबाइल फोन और बाइक बरामद की है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ में खुला 2024 के दोहरे हत्याकांड का राज

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने जून 2024 में मालखरौदा थाना क्षेत्र के मुक्ता गांव में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड को भी कबूल कर लिया। उस मामले में मगनलाल गबेल और बुधवारा बाई गबेल की घर में घुसकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते दोनों आरोपियों ने लकड़ी से हमला कर दंपती की हत्या की थी और आभूषण लूट लिए थे। यह मामला लंबे समय से अनसुलझा था।

गिरफ्तार आरोपी

  • रूपचरण यादव (40), पंडरीपानी
  • देवकुमार यादव (33), पंडरीपानी
  • बाबूलाल साहू (50), जैजैपुर, सराफा व्यापारी

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी बेहद शातिर हैं और अब उनके खिलाफ दोनों दोहरे हत्याकांडों में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version