PM आवास योजना से वंचित पात्र परिवारों को मिलेगा लाभ, डिप्टी CM विजय शर्मा ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह को लिखा पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। उन्होंने पत्र के माध्यम से आवास प्लस 2.0 सर्वे के दौरान सामने आई व्यावहारिक और तकनीकी समस्याओं से अवगत कराते हुए सर्वे से छूटे पात्र परिवारों को योजना में शामिल करने का आग्रह किया है।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि आवास प्लस 2.0 सर्वे के दौरान तकनीकी कारणों से कई पात्र परिवार पोर्टल पर दर्ज नहीं हो सके, जिसके चलते वे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की स्वीकृति से वंचित रह गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के अनेक ऐसे परिवार हैं, जो योजना की सभी पात्रता शर्तें पूरी करते हैं, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण उन्हें लाभ नहीं मिल पा रहा है।

उन्होंने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया है कि भारत सरकार इस विषय पर आवश्यक निर्णय लेकर ऐसे सभी पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के दायरे में शामिल करने की पहल करे, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार पक्के आवास के लाभ से वंचित न रहे।

अपने पत्र में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हाल ही में आयोजित राष्ट्रीय ग्रामीण सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई भी दी और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उनके प्रयासों की सराहना की।

Exit mobile version