छत्तीसगढ़ में कृषक सह श्रमिक सम्मेलन: मल्लिकार्जुन खड़गे हुए शामिल, 266 करोड़ रुपए विकास कार्यों की सौगात… न्याय योजना की तीसरी किश्त जारी, श्रमिकों को मिलेगी पेंशन; महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र पर साधा निशाना

  • राजीव गांधी किसान न्याय योजना: 24.52 लाख किसानों को जारी हुई 1895 करोड़ रुपए की तीसरी किश्त
  • मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक योजना का हुआ शुभारंभ
  • दस साल पंजीकृत रहे और 60 वर्ष पूरी कर चुके श्रमिकों को जीवन पर्यन्त मिलेगी 1500 रूपए की पेंशन

बलौदाबाजार-भाटापारा। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में आज कृषक सह श्रमिक सम्मेलन आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के मुख्य आतिथ्य में कृषकों और श्रमिकों को न्याय योजनाओं एवं श्रमिक योजनाओं की राशि का वितरण किया गया। इस मौके पर बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में 266 करोड़ रुपए के 264 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इनमें 176 करोड़ रुपए के 150 कार्यों का लोकार्पण एवं 90 करोड़ रुपए की राशि के 114 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

किसान न्याय योजना की तीसरी किश्त जारी
सम्मेलन में राजीव गांधी किसान न्याय योजना अंतर्गत प्रदेश के 24 लाख 52 हजार 592 किसानों को उनके बैंक खातों में 1895 करोड़ रुपए और गोधन न्याय योजना के 65 हजार गोबर विक्रेताओं को 5 करोड़ 16 लाख रुपए की राशि अंतरित की गई। इसे मिलाकर राजीव गांधी किसान न्याय योजना में अंतरित की जाने वाली राशि बढ़कर 23 हजार 893 करोड़ रूपए और गोधन न्याय योजना में अंतरित की जाने वाली राशि बढ़कर 507.14 करोड़ रूपए हो गई है। इसके अलावा 33 हजार 642 गन्ना उत्पादक किसानों को 57 करोड़ 18 लाख रुपए प्रोत्साहक राशि भी दी गई।

निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना का शुभारंभ
सम्मेलन में मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना का शुभारंभ किया गया। इस योजना अंतर्गत दस साल तक पंजीकृत रहे एवं 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके निर्माणी श्रमिकों को जीवन पर्यंत 15 सौ रुपए की पेंशन सहायता दी जाएगी। सम्मेलन में 1 लाख 2 हजार 889 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 55 करोड़ 76 लाख 26 हजार रुपए राशि का वितरण किया गया। इनमें छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा मंडल के 2881 हितग्राहियों को 3 करोड़ 86 लाख रुपए, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के 3236 हितग्राहियों को 1 करोड़ 65 लाख रुपए तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मंडल के 96 हजार 772 हितग्राहियों को 50 करोड़ 24 लाख रुपए की राशि का वितरण किया गया।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र पर साधा निशाना
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ​मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि, महिला आरक्षण बिल को जुमला बताया है। उन्होंने कहा जहां ‘कांग्रेस नेताओं के दौरे होते हैं, वहां ईडी-आईटी के छापे पड़ते हैं। हमें डरना नहीं, लड़ना है। डर गए तो समझो मर गए। देखते हैं कितना सताते हैं।’ खड़गे ने आगे कहा कि ‘कांग्रेस हर काम दिल से करती है, 2024 में भाजपा को सबक सिखाना ही होगा। बीजेपी के लोग संविधान खत्म करना चाहते हैं। खड़गे ने ये बात बलौदाबाजार में आयोजित श्रमिक सम्मेलन में कही।’

मल्लिकार्जुन खड़गे इस महीने दूसरी बार पहुंचे छत्तीसगढ़
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ​मल्लिकार्जुन खड़गे आज बलौदाबाजार पहुंचे है। यहां आयोजित कृषक सह श्रमिक सम्मेलन में पारंपरिक पंथी नृत्य से स्वागत किया गया। खड़गे का यह 21 दिन में दूसरा और अध्यक्ष बनने के बाद चौथा दौरा है। खड़गे ने मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक पेंशन सहायता योजना का शुभारंभ करने के साथ 266 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसके अलावा राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के हितग्राहियों के खाते में राशि ट्रांसफर किया। मल्लिकार्जुन खड़गे के पहुंचने पर गज माला से उनका स्वागत किया गया। मंच पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सैलजा, भूपेश बघेल, मंत्री कवासी लखमा, पीसीसी चीफ दीपक बैज के साथ कांग्रेस के कई नेता मौजूद हैं।

Exit mobile version