विधायक देवेंद्र यादव समेत कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज, जानिए क्या है मामला…

बेमेतरा। जिले के थाना चंदनू क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिरिया में निकाली गई प्रतीकात्मक शव यात्रा के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है. यह कार्रवाई जिला पंचायत सदस्य अंजू उर्फ अंजय बघेल की लिखित शिकायत पर की गई है.

शिकायत के अनुसार, 9 मई 2026 को दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच ग्राम झिरिया बाजार चौक में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए. आरोप है कि भिलाई नगर विधायक देवेन्द्र यादव, पूर्व विधायक गुरूदयाल सिंह बंजारे, आरिफ बाठिया (नांदघाट), प्रांजल तिवारी (बहेरा, बेमेतरा), सनतधर दीवान (बेमेतरा), शक्तिधर दीवान (नवागढ़), सतीश मारकण्डे (कूरा), अंजली मारकण्डे (कूरा), देवेंद्र साहू (बदनारा), अरमान साहू (बदनारा), हर्ष बघेल (नवलपुर), प्रिंस डेहरे (सम्बलपुर), विजय यादव (नांदघाट), दीपक दिनकर (सिंघनपुरी), विनोद तिवारी (झिरिया), मोंटू तिवारी (दाढ़ी), अजयराज सेन (बेमेतरा) सहित अन्य लोगों ने मिलकर कार्यक्रम आयोजित किया.

जानिए क्या है पूरा मामला?

  • आरोप है कि इन सभी ने छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री दयालदास बघेल को मृत घोषित करते हुए शोक पत्र छपवाया और मंच से भाषणबाजी की. इसके बाद बांस से पुतला बनाकर मुख्य मार्ग पर शव यात्रा निकाली गई, जिससे सड़क जाम हो गया और आमजन की आवाजाही बाधित हुई.

मंत्री के बेटे ने दर्ज कराई शिकायत

शिकायतकर्ता अंजू बघेल का कहना है कि उनके पिता जीवित हैं, बावजूद इसके इस तरह की शव यात्रा निकालना उनकी पारिवारिक एवं धार्मिक भावनाओं को आहत करता है. साथ ही यह कृत्य समाज की परंपराओं के खिलाफ है और मंत्री की छवि को नुकसान पहुंचाने की साजिश भी है.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 126, 299, 356 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विवेचना में जुटी है और सभी नामजद आरोपियों की भूमिका की बारीकी से जांच की जा रही है.

Exit mobile version