दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में गुरुवार रात निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली AIIMS में अंतिम सांसें ली। हॉस्पिटल बुलेटिन के मुताबिक, उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां रात 9:51 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मनमोहन सिंह के निधन के चलते केंद्र सरकार ने 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।
मनमोहन सिंह ने आर्थिक नीति पर गहरी छाप छोड़ी : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में लिखा- भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक, डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में आगे लिखा- साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री समेत कई सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी।
पीएम मोदी ने अपने दूसरे पोस्ट में लिखा- डॉ. मनमोहन सिंह जी और मैं उस समय नियमित रूप से बातचीत करते थे जब वे प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था। हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श करते थे। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता हमेशा देखने को मिलती थी। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं डॉ. मनमोहन सिंह जी के परिवार, उनके मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति।

मनमोहन सिंह, 2004 में देश के 14वें प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने मई 2014 तक इस पद पर दो कार्यकाल पूरे किए थे। वे देश के पहले सिख और सबसे लंबे समय तक रहने वाले चौथे प्रधानमंत्री थे।मनमोहन सिंह के निधन के चलते शुक्रवार को होने वाले सभी कार्यक्रम कैंसिल कर दिए गए हैं।
राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे बेलगावी से देर रात दिल्ली पहुंचने के बाद सीधे मनमोहन सिंह के आवास गए। राहुल ने X पर लिखा- मैंने अपना मार्गदर्शक और गुरु खो दिया। वहीं कर्नाटक के बेलगावी में चल रही कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) मीटिंग रद्द कर दी गई। कांग्रेस स्थापना दिवस से जुड़े आयोजन भी कैंसिल हो गए हैं। पार्टी के इवेंट 3 जनवरी के बाद शुरू होंगे।
देश आपका आभारी रहेगा : भूपेश बघेल
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर अपने आधिकारिक अकॉउंट से जारी पोस्ट में लिखा – “देश आपका आभारी रहेगा, सर। इतिहास आपके योगदान से सदैव परिपूर्ण रहेगा।” मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में आगे कहा, “एक महान राष्ट्रकर्मी आज जीवन के अंतिम सफर पर हम सबसे विदा हो गए हैं। उनके व्यक्तित्व, योगदान और देशसेवा के लिए शब्द कम पड़ जाते हैं। डॉ. मनमोहन सिंह के निधन को पूर्व सीएम ने बड़ी क्षति बताया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा, “ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। ॐ शांति।”
सीएम साय ने जताया शोक
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ट्वीट कर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री, प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है. मनमोहन सिंह जी अर्थशास्त्र के उन दिग्गजों में से एक थे, जिन्होंने देश के वित्त मंत्री, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर और योजना आयोग के प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ है. ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों, उनके शुभचिंतकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं.”