दुर्ग। भिलाई के खुर्सीपार क्षेत्र में स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों को रोककर डराने-धमकाने, मारपीट करने और शराब पीने के लिए पैसे मांगने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें दो वयस्क और दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने दोनों वयस्क आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई को खुर्सीपार निवासी पी. मोहम्मद शब्बीर ने खुर्सीपार थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि क्षेत्र के कुछ युवक स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को रास्ते में रोककर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। आरोपी विद्यार्थियों से शराब पीने के लिए पैसे मांगते थे और पैसे नहीं देने पर उन्हें डराते-धमकाते और मारपीट करते थे।

शिकायत मिलते ही खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल समय के दौरान घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित विद्यार्थियों और शिकायतकर्ता की मदद से आरोपियों की पहचान कराई, जिसमें युवराज साहू और शेखर गुप्ता की पहचान हुई। जांच के दौरान दो अन्य नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आई।
पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। दो वयस्क आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि दोनों नाबालिग आरोपियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।
पुलिस ने कहा कि स्कूल आने-जाने वाले बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।