जमीन विवाद में महिला को टोनही कहकर प्रताड़ित करने का आरोप, पेड़ से बांधकर की मारपीट, 4 महिलाएं गिरफ्तार

सूरजपुर। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के ग्राम परशुरामपुर में जमीन के पुराने विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट, अभद्रता और टोनही प्रताड़ना का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस की महिलाओं ने महिला को टोनही कहकर अपमानित किया, उसके बाल पकड़कर मारपीट की और घर के सामने आम के पेड़ से साड़ी के सहारे बांध दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले में चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुराने जमीन विवाद को लेकर हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक, करीब 40 वर्षीय पीड़िता ने रामानुजनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना 3 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे की बताई गई है। महिला अपने घर के सामने काम कर रही थी। इसी दौरान जमीन संबंधी पुराने विवाद को लेकर पड़ोस की महिला समेत अन्य आरोपी वहां पहुंचीं।

शिकायत के अनुसार, बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने महिला को कथित तौर पर टोनही कहकर गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि महिलाओं ने पीड़िता के बाल पकड़कर खींचे और उसे घर के सामने स्थित आम के पेड़ से साड़ी के सहारे बांध दिया।

शोर सुनकर पहुंचे परिजन, महिला को छुड़ाया

पीड़िता के मुताबिक, इस दौरान आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी भी दी। महिला के शोर मचाने और विवाद की जानकारी मिलने पर परिजन तथा आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर महिला को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।

टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम के तहत केस

शिकायत मिलने के बाद रामानुजनगर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ पीड़िता और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के साथ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया।

जांच के बाद पुलिस ने मामले में चार आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैकरा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर चार महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Exit mobile version