कंटेनर से हो रही थी गांजा तस्करी, 7 आरोपी गिरफ्तार, एक करोड़ की संपत्ति जब्त

महासमुंद। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत महासमुंद पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर से 111.350 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 55 लाख 67 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के 3 और ओडिशा के 4 आरोपियों समेत कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा, कंटेनर, पायलटिंग में इस्तेमाल कार और 9 मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 5 लाख 9 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

ओडिशा से नागपुर ले जा रहे थे गांजा
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कंटेनर वाहन क्रमांक RJ 14 GV 0484 में गांजा भरकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर लाया जा रहा है। कंटेनर की पायलटिंग KIA Carens कार क्रमांक OD 11 AC 3003 से की जा रही थी।

सूचना के आधार पर सिंघोड़ा पुलिस और एएनटीएफ की टीम ने NH-53 पर ग्राम रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध KIA Carens और उसके पीछे आ रहे कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई।

पूछताछ में हुआ तस्करी का खुलासा
पुलिस ने KIA Carens में सवार चार लोगों से पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने कंटेनर की ओडिशा के संबलपुर से पायलटिंग करने की बात बताई। वहीं कंटेनर में सवार तीन लोगों से पूछताछ के दौरान वे पहले गोलमोल जवाब देने लगे। कड़ाई से पूछताछ करने पर कंटेनर में गांजा होने की बात सामने आई।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने गांजा ओडिशा के रेडाखोल क्षेत्र से लोड कर महाराष्ट्र के नागपुर में खपाने के लिए ले जाने की बात बताई।

1.05 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:

111.350 किलो गांजा – कीमत 55,67,500 रुपये

कंटेनर वाहन – कीमत करीब 40 लाख रुपये

KIA Carens कार – कीमत करीब 8.50 लाख रुपये

9 मोबाइल फोन – कीमत करीब 92 हजार रुपये

सहित कुल 1,05,09,500 रुपये की संपत्ति जब्त की है।

इन 7 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
उत्तर प्रदेश के आरोपी (परिवहनकर्ता):

इरफान अली – प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश

शिवम सिंह पाल – कानपुर देहात, उत्तर प्रदेश

आरिफ अली – प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश

ओडिशा के आरोपी (पायलटिंग वाहन में):

4. सुजीत स्वाई – बौद्ध, ओडिशा

5. मानस रंजन – बौद्ध, ओडिशा

6. कृष्णचंद प्रधान – संबलपुर, ओडिशा

7. आनंद साहू – बौद्ध, ओडिशा

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
महासमुंद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 116/2026 दर्ज किया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 20(B)(II)(C), 29(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए मामले को विवेचना में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, अंतर्राज्यीय सीमा पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए वाहन चेकिंग और निगरानी लगातार जारी है।

Exit mobile version