CG: खुशियां मातम में बदली; शादी के दूसरे ही दिन दूल्हे की दर्दनाक मौत, टेंट छोड़ने जाते समय हुआ हादसा

CG

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में दो दिन पहले शहनाइयां गूंज रही थीं और दुल्हन के हाथों की मेहंदी अभी सूखी भी नहीं थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। एक सड़क हादसे ने नई नवेली दुल्हन का सुहाग छीन लिया और परिवार की खुशियों को उम्र भर के गम में बदल दिया।

क्या है पूरा मामला?

घटना कापू थाना क्षेत्र के ग्राम ठाकुरपोड़ी की है। जानकारी के अनुसार, यहां के निवासी देवांगन सिदार (35 वर्ष) की शादी की रस्में 5 अप्रैल से शुरू हुई थीं। 8 अप्रैल को वह धूमधाम से बारात लेकर जशपुर गया था। शादी के बाद 9 अप्रैल को गांव में रिसेप्शन (प्रीतिभोज) का शानदार आयोजन हुआ।

कैसे हुआ हादसा?

हादसा शुक्रवार, 10 अप्रैल को हुआ। शादी के बाद घर में टेंट का सामान रखा था। देवांगन अपने तीन दोस्तों (सीमोन एक्का, सुशील एक्का और द्वारिका सिदार) के साथ चाचा के ट्रैक्टर में टेंट का सामान लोड कर उसे छोड़ने जा रहा था।

सतीपारा के पास अचानक ट्रैक्टर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में देवांगन ट्रैक्टर के नीचे बुरी तरह दब गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

तीन दोस्त भी हुए घायल

इस हादसे में देवांगन के साथ मौजूद तीन अन्य दोस्त भी घायल हुए हैं। घायलों में सीमोन एक्का की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका इलाज पत्थलगांव के अस्पताल में चल रहा है। अन्य दो घायलों का भी उपचार जारी है।

बिजली विभाग में कार्यरत था मृतक

मृतक देवांगन सिदार गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में बिजली विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर पदस्थ था। उसकी असमय मौत से विभाग के कर्मचारियों और गांव के लोगों में शोक की लहर है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

शादी की रस्मों के तुरंत बाद हुई इस घटना ने परिवार को तोड़ कर रख दिया है। दुल्हन और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल कापू थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version