17 साल छोटे युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रही महिला को हाईकोर्ट से झटका, याचिका खारिज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने 17 साल छोटे युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिला की अपील खारिज कर दी है। महिला ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गर्भवती होने पर दबाव डालकर गर्भपात कराने और बाद में मारपीट करने का आरोप लगाया था। हालांकि, सुनवाई के दौरान आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी। हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट द्वारा युवक को दोषमुक्त किए जाने के फैसले को उचित ठहराया।

मामला चांपा क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता महिला के पति की वर्ष 2020 में मौत हो गई थी। इसके बाद वर्ष 2021 में वह अपने बच्चों की परीक्षा के सिलसिले में चांपा आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई। दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे नजदीकियां बढ़ गईं।

महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि युवक ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया। आरोप के मुताबिक, 11 जून 2022 को युवक उसे अपने किराए के मकान में ले गया और शादी का झांसा देकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। महिला ने गर्भवती होने पर युवक के दबाव में गोलियां लेकर गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया था। बाद में युवक पर शादी से इनकार करने और मारपीट करने का आरोप लगाया गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना के बाद न्यायालय में चालान पेश किया। मामले की सुनवाई के दौरान ट्रायल कोर्ट ने पाया कि महिला और युवक के बीच संबंध सहमति से बने थे। आरोपों को प्रमाणित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर अदालत ने युवक को दोषमुक्त कर दिया।

हाईकोर्ट ने क्यों खारिज की अपील?

ट्रायल कोर्ट के फैसले को चुनौती देते हुए महिला ने हाईकोर्ट में अपील दायर की थी। डिवीजन बेंच ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण करने के बाद पाया कि महिला ने जिरह के दौरान स्वीकार किया था कि वह पढ़ी-लिखी है और अपने हित-अहित को समझने में सक्षम है।

कोर्ट ने यह भी ध्यान दिया कि आरोपी युवक महिला से 17 साल छोटा था और दोनों के बीच वर्ष 2021 में फोन पर बातचीत के दौरान नजदीकियां बढ़ी थीं। सुनवाई में मारपीट और जबरन गर्भपात कराने के आरोप भी साबित नहीं हो सके।

इन परिस्थितियों में हाईकोर्ट ने माना कि ट्रायल कोर्ट का युवक को दोषमुक्त करने का निर्णय उचित है। इसके साथ ही महिला की अपील खारिज कर दी गई।

Exit mobile version