रायपुर में हनीट्रैप का खुलासा: अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 2.17 लाख की उगाही, दो महिलाएं गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने एक युवक को हनीट्रैप में फंसाकर उससे 2.17 लाख रुपये की उगाही करने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी महिलाओं ने अपने परिचित युवक को घर बुलाया और उसे शराब में कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। आरोप है कि महिलाओं ने इन फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया और पीड़ित के परिजनों के बीच वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया।

डर और बदनामी के भय से पीड़ित ने अलग-अलग तारीखों में फोन-पे और यूपीआई के माध्यम से आरोपियों को कुल 2.17 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में परेशान होकर पीड़ित ने गुढ़ियारी थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 265/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।

Exit mobile version