दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। गीदम से बीजापुर जाने वाले नेशनल हाईवे-63 पर कारली के पास बाइक और ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना गीदम थाना क्षेत्र अंतर्गत कारली के पास हुई। बाइक सवार गीदम से बीजापुर की ओर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे में जान गंवाने वाले तीनों व्यक्ति बीजापुर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोक का माहौल है।
फिलहाल मृतकों की विस्तृत पहचान और दुर्घटना के कारणों को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच और आवश्यक कार्रवाई के बाद ही हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।