CG में भीषण हादसा: कार-ट्रैक्टर की टक्कर में पुलिसकर्मी समेत दो की मौत, एक गंभीर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में बंगोली के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। कार और ट्रैक्टर के बीच हुई जोरदार टक्कर में पुलिसकर्मी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक तर्रा गांव के रहने वाले थे। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

खरोरा से रायपुर जा रहे थे तीनों युवक
मिली जानकारी के अनुसार, कमलेश वर्मा, रूपेश निषाद और गोपी कार में सवार होकर खरोरा से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बंगोली के पास उनकी कार की ट्रैक्टर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक कमलेश वर्मा सिलतरा थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी थे।

कार में फंसा घायल युवक, स्थानीय लोगों ने बचाई जान
इस दर्दनाक हादसे में गोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और कार के अंदर फंस गया। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे अजय देवांगन, ललित साहू और अजय वर्मा ने घायल युवक को कार से बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद उसे उपचार के लिए लक्ष्मीनारायण अस्पताल, दौंदेकला पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के साथ ही फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। एक ही गांव के दो युवकों की मौत से परिजनों और ग्रामीणों में दुख व्याप्त है।

Exit mobile version