सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा प्रतापपुर थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर चार युवक सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि हादसे से पहले उक्त ट्रक ने एक कार को टक्कर मार दी थी। इसके बाद ट्रक चालक वाहन को सड़क पर ही खड़ा छोड़कर मौके से फरार हो गया था। सड़क पर खड़े ट्रक की वजह से यह दर्दनाक दुर्घटना हुई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। आग पर भी काबू पा लिया गया है।
फिलहाल प्रतापपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान और हादसे के अन्य कारणों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।