महाराष्ट्र में भीषण सड़क हादसा : ट्रक-बोलेरो में भिड़ंत, छत्तीसगढ़ के 8 लोगों की मौत

रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। सभी छत्तीसगढ़ के हैं। हादसा लखनी तालुका में मानेगांव और पिंपलगांव के बीच नेशनल हाईवे-53 पर हुआ। तेज रफ्तार बोलेरो की आइशर ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई, जिससे वाहन में सवार सभी आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

रायपुर से नागपुर जा रहे थे सभी लोग
पुलिस के मुताबिक, बोलेरो में सवार सभी लोग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे लखनी तालुका के मानेगांव-पिंपलगांव के बीच बोलेरो की ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पांच वयस्क और तीन बच्चों की मौत
मौके पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो में सवार पांच वयस्क और तीन बच्चों, कुल आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और टक्कर के पीछे क्या वजह रही, इसकी जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे की जांच जारी है।

Exit mobile version