गरियाबंद। जिले के जुगाड़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पायलीखण्ड गांव के जंगल में बुधवार को पति-पत्नी के शव पेड़ से फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों घर से निकल गए। बाद में गांव के पास जंगल में एक पेड़ से दोनों के शव लटके हुए मिले।

मृतक की पहचान जयराम नागेश के रूप में हुई है, जो पूर्व जनपद सदस्य बताए जा रहे हैं। उनकी पत्नी का शव भी उसी पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही जुगाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।